आने वाले दिनों में सभी विकास कार्य तेजी से पूरे किए जाएंगे रिंटू
अमृतसर, 18 जनवरी 2026 (के एल जीत वालिया)।अमृतसर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन एवं आम आदमी पार्टी के उत्तर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी करमजीत सिंह रिंटू ने वार्ड नंबर 9 के अंतर्गत भवानी नगर क्षेत्र में विकास कार्यों का उद्घाटन कर निर्माण कार्य की शुरुआत करवाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सभी विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा और क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
करमजीत सिंह रिंटू ने बताया कि इस इलाके में सबसे पहले सीवरेज से जुड़ी समस्या का समाधान किया गया है और अब गलियों के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भवानी नगर के लोगों को लंबे समय से जिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था अब उनका स्थायी समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र की सभी सड़कों के नवीनीकरण की स्वीकृति पहले ही प्राप्त की जा चुकी है। इससे पहले क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण का कार्य भी किया गया था। रिंटू ने बताया कि सर्दी के मौसम के कारण फिलहाल सड़क निर्माण के लिए प्रीमिक्स प्लांट बंद हैं। फरवरी के अंत में प्रीमिक्स प्लांट शुरू होते ही शेष सड़क निर्माण कार्य भी आरंभ कर दिया जाएगा।
करमजीत सिंह रिंटू ने कहा कि वे प्रतिदिन क्षेत्र के लोगों से मिल रहे हैं उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी संभालने के बाद से इलाके में हर प्रकार के विकास कार्य लगातार जारी हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार की ओर से विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं सीधे जनता तक पहुंचाई जा रही हैं। इसी का परिणाम है कि विभिन्न राजनीतिक दलों से लोग प्रतिदिन आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी की वार्ड प्रभारी शिवानी साहिल सागर सहित वार्ड के कई प्रमुख नागरिक उपस्थित रहे।