अमृतसर, 29 जुलाई (उप्पल):यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल द्वारा अमृतसर और जालंधर सिटी रेलवे स्टेशनों पर रेलवन (RailOne) ऐप के माध्यम से टिकट खरीदने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के नेतृत्व तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार के निर्देशन में आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में बैनर और स्टैंडी लगाकर यात्रियों को रेलवन ऐप के लाभों की जानकारी दी गई। दोनों स्टेशनों पर 100 से अधिक यात्रियों के मोबाइल फोन में ऐप इंस्टॉल कराया गया।
यात्रियों को बताया गया कि ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट खरीदने पर 3 प्रतिशत की छूट मिलती है। इसके अलावा टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों से बचाव, ऑनलाइन भुगतान की सुविधा तथा खुले पैसे की समस्या से भी राहत मिलती है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल का उद्देश्य डिजिटल सेवाओं के माध्यम से यात्रियों को अधिक सरल, सुविधाजनक और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि रेलवन ऐप इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सराहनीय कदम है, क्योंकि इससे कागज़ की खपत कम होती है।