अमृतसर, 5 मार्च (के.एल. जीत वालिया) – हरदीप सिंह गिल, वाइस चेयरमैन, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने अपना पदभार संभालने के बाद आज धन्यवाद स्वरूप श्री दरबार साहिब में मत्था टेका। इस अवसर पर उन्होंने नई जिम्मेदारी के लिए अकाल पुरख का शुक्राना अदा करते हुए सर्वसमाज की भलाई की अरदास की।
इसके उपरांत उन्होंने श्री वाल्मीकि तीर्थ (श्री राम तीर्थ), श्री दुर्गियाना मंदिर तथा श्री गुरु रविदास जी मंदिर में भी मत्था टेका।
इस दौरान श्री दरबार साहिब के सूचना केंद्र में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अधिकारियों द्वारा श्री हरदीप सिंह गिल को श्री दरबार साहिब का मॉडल भेंट कर सम्मानित किया गया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरदीप सिंह गिल ने कहा कि वह अपनी नई जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा सफाई कर्मचारियों के अधिकारों का पूरा ध्यान रखा जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नियमों के अनुसार उन्हें उनके सभी वैधानिक अधिकार प्राप्त हों।

उन्होंने आगे कहा कि यदि सफाई के दौरान किसी कर्मचारी के साथ कोई दुर्घटना होती है तो आयोग यह सुनिश्चित करेगा कि पीड़ित को उचित मुआवजा बिना किसी देरी के मिले। आयोग सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों से उनका समाधान करवाएगा। यदि किसी भी कर्मचारी को कोई कठिनाई आती है तो वे सीधे आयोग से संपर्क कर सकते हैं।
इस मौके पर उनके साथ भाजपा नेता गुरप्रताप सिंह टिक्का, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर अजेपाल बीर सिंह रंधावा, भाजपा जिला अध्यक्ष अमरपाल सिंह बोनी अजनाला, मनदीप सिंह मन्ना और राजबीर शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।