पल्स पोलियो अभियान के तहत बच्चों को पोलियो रोधी बूंदें पिलाने की शुरुआत
फिरोजपुर, 30 जून (राजीव कुमार, रिक्कू वाही): सिविल सर्जन डॉ. मीनाक्षी ढींगरा के नेतृत्व में बच्चों को पोलियो रोधी बूंदें पिलाकर तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। डॉ. ढींगरा ने अभिभावकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों का पूरा सहयोग करें, ताकि यह अभियान पूर्ण रूप से सफल हो सके।
डॉ. मीनाक्षी ढींगरा ने बताया कि फिरोजपुर जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान के पहले दिन बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी बूंदें पिलाई गईं।
इस अवसर पर सहायक सिविल सर्जन डॉ. सुषमा ठक्कर तथा कार्यकारी जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शायना ने बताया कि तीन दिवसीय अभियान के पहले दिन जिले के सभी स्थायी एवं ट्रांजिट पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। जो बच्चे पहले दिन पोलियो की बूंदें नहीं पी सके, उन्हें अगले दो दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएंगी।
जिला मास मीडिया अधिकारी संजीव शर्मा, उप जिला मास मीडिया अधिकारी अंकुश भंडारी तथा नेहा भंडारी ने बताया कि जिले की झुग्गी-झोपड़ियों, अस्थायी बस्तियों, ढाणियों, ईंट-भट्टों तथा औद्योगिक इकाइयों में रहने वाले परिवारों के पांच वर्ष तक के बच्चों को मोबाइल स्वास्थ्य टीमें पोलियो की बूंदें पिला रही हैं। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, नर्सिंग छात्राएं तथा सामाजिक संस्थाओं के स्वयंसेवक भी सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।
यह सुनिश्चित करने के लिए कि जिले का कोई भी 0 से 5 वर्ष का बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए, स्वास्थ्य विभाग ने पर्यवेक्षकों की भी तैनाती की है।
डॉ. मीनाक्षी ढींगरा ने बताया कि विभिन्न कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में टीकाकरण टीमों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो रोधी बूंदें पहुंचाई जा सकें।