डेयरी की उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण और नए परियोजनाओं की समीक्षा की गई
अमृतसर, 29 जुलाई (के.एल. जीत वालिया): पंजाब विधानसभा की सहकारिता एवं संबंधित गतिविधियों की समिति ने आज वेरका मिल्क प्लांट का दौरा कर प्लांट की कार्यप्रणाली, दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच तथा प्रसंस्करण प्रणाली का निरीक्षण किया।
समिति का नेतृत्व इसके अध्यक्ष एवं विधायक सरवन सिंह धुन्न ने किया। उनके साथ समिति के सदस्य विधायक अमन शेर सिंह शैरी कलसी, विधायक फौजा सिंह तथा विधायक सुखविंदर सिंह कोटली भी मौजूद रहे। मिल्क प्लांट यूनियन अमृतसर के चेयरमैन भूपिंदर सिंह रंधावा, उपाध्यक्ष भूपिंदर सिंह तथा बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने समिति का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर वेरका मिल्क प्लांट के जनरल मैनेजर अनिमेष प्रमाणिक और मिल्कफेड पंजाब के प्रतिनिधि गुरदेव सिंह संधू ने समिति को डेयरी के विभिन्न विभागों का दौरा कराया। उन्होंने दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच, गुणवत्ता नियंत्रण तथा आधुनिक प्रोसेसिंग प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
समिति को यह भी बताया गया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तथा मिल्कफेड पंजाब के प्रबंध निदेशक राहुल गुप्ता (आईएएस) के प्रयासों से वेरका डेयरी, अमृतसर में 2.35 एलएलपीडी फर्मेंटेड डेयरी एवं अन्य उत्पाद संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। इस अत्याधुनिक परियोजना से डेयरी की उत्पादन क्षमता और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इस परियोजना से उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले दूध और दुग्ध उत्पाद उपलब्ध होंगे, वहीं दूध उत्पादक किसानों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर मिल्क यूनियन अमृतसर के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्य अमनदीप सिंह, गुरमुख सिंह, जगजीत सिंह, हरजीत सिंह, हरभजन सिंह, मिल्कफेड पंजाब के प्रतिनिधि गुरदेव सिंह संधू तथा मिल्क यूनियन अमृतसर के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।