अमृतसर, 2 अगस्त (उप्पल):सावन माह के तीसरे रविवार को श्री दुर्ग्याणा तीर्थ स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रातःकाल से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे और उन्होंने भगवान श्री लक्ष्मी नारायण के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
सावन के पावन अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच भगवान के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में नवविवाहित दंपति भी फूलों से सुसज्जित होकर मंदिर पहुंचे और सुखी वैवाहिक जीवन, संतान सुख तथा पारिवारिक समृद्धि की कामना की।
मंदिर के पुजारियों ने श्रद्धालुओं को सावन माह के धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस पवित्र महीने में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की श्रद्धापूर्वक आराधना करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होता है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधक समिति ने दर्शन, पूजा-अर्चना और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए थे। स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से दर्शन कराने में सहयोग दिया। पूरे दिन मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना जारी रहा और पूरा परिसर श्रद्धा, आस्था तथा आध्यात्मिक उत्साह से ओत-प्रोत दिखाई दिया।