अमृतसर, 4 अगस्त (संदीप सिंह राजू):अमृतसर रेलवे स्टेशन की स्कूटर पार्किंग में बारिश के बाद जमा हुए गंदे पानी ने यात्रियों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। लोग अपने दोपहिया वाहन तो पार्किंग में खड़े कर देते हैं, लेकिन वापस लेने के समय उन्हें बदबूदार और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
परेशान यात्रियों का कहना है कि पार्किंग की पूरी फीस वसूली जाती है, लेकिन साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। जब इस संबंध में निजी पार्किंग कर्मचारियों से बात की गई तो उन्होंने जिम्मेदारी लेने से इनकार करते हुए लोगों को रेलवे विभाग से संपर्क करने की सलाह दी।
यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि निजी पार्किंग कर्मचारियों का व्यवहार भी उचित नहीं है। उनका कहना है कि कर्मचारियों का रवैया सहयोगात्मक होने के बजाय रूखा रहता है।
लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि पार्किंग क्षेत्र में जल निकासी की तत्काल व्यवस्था की जाए तथा निजी पार्किंग ठेकेदार की कार्यप्रणाली की जांच कर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।