डॉ. निज्जर के नेतृत्व में बिलास फाउंडेशन 30 अगस्त को लगाएगा नि:शुल्क मेगा मेडिकल कैंप

अमृतसर, 26 अगस्त (के.एल. जीत वालिया): विधानसभा क्षेत्र अमृतसर दक्षिण के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर के नेतृत्व में बिलास फाउंडेशन द्वारा तेरा ही तेरा मिशन अस्पताल, चंडीगढ़ तथा शहीद ऊधम सिंह फाउंडेशन, अमृतसर के सहयोग से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नि:शुल्क मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन किया जा रहा है।

कैंप के संबंध में जानकारी देते हुए विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने बताया कि यह मेडिकल कैंप 30 अगस्त 2026, रविवार को शहीद ऊधम सिंह यादगारी भवन, गेट भगतांवाला, अमृतसर में आयोजित किया जाएगा। कैंप का समय सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक रहेगा।

डॉ. निज्जर ने बताया कि कैंप के दौरान विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें FibroScan, हड्डियों की जांच (BMD), ब्लड प्रेशर जांच, मैमोग्राफी और न्यूरो स्कैन आदि शामिल हैं। इसके अलावा जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

डॉ. निज्जर ने लोगों से अपील की कि वे इस नि:शुल्क स्वास्थ्य कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांच करवाएं। उन्होंने बताया कि FibroScan जांच करवाने के लिए 4 घंटे का उपवास रखना अनिवार्य होगा।

उन्होंने कहा कि इस कैंप का मुख्य उद्देश्य लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क मेडिकल जांच, दवाइयां और उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *