मेयर जतिंदर भाटिया की अध्यक्षता में वित्त एवं ठेका समिति की अहम बैठक

130.82 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मिली मंजूरी

अमृतसर, 26 अगस्त (के.एल. जीत वालिया): मेयर जतिंदर सिंह भाटिया की अध्यक्षता में आज वित्त एवं ठेका समिति (Finance & Contract Committee) की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त बिक्रमजीत सिंह शेरगिल भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान शहर के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार के उद्देश्य से 130.82 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास प्रोजेक्टों और कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई।

मेयर जतिंदर सिंह भाटिया ने बताया कि स्वीकृत राशि से शहर की सड़कों की मरम्मत एवं सुधार, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने तथा स्वच्छ पेयजल की सुविधाओं में सुधार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम आयुक्त बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने विश्वास दिलाया कि स्वीकृत सभी प्रोजेक्टों की पारदर्शी तरीके से निगरानी की जाएगी, ताकि शहरवासियों को इन विकास कार्यों का लाभ जल्द से जल्द मिल सके।

बैठक में समिति के अन्य सदस्य पार्षद जगमीत सिंह घुल्ली, सुखबीर कौर तथा नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *