अमृतसर में व्यापारियों का बड़ा सम्मेलन, मरवाहा ने केंद्र के सामने रखीं 6 प्रमुख मांगें

अटारी-वाघा सीमा खोलने, पंजाब को टैक्स राहत, युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण और व्यापारियों को सुरक्षा देने की उठी मांग

अमृतसर, 30 सितंबर (के.एल. जीत वालिया): अमृतसर के प्रसिद्ध अमीरा रिजॉर्ट में पंजाब के व्यापारियों और उद्योगपतियों का एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें शहर की करीब 25 विभिन्न व्यापारी और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन की अध्यक्षता वर्ल्ड सिख चैंबर ऑफ कॉमर्स के पंजाब अध्यक्ष एवं प्रमुख व्यापारी राजिंदर सिंह मरवाहा ने की।

 

सम्मेलन में नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन सुनील जे. सिंघी और पूर्व सांसद श्वेत मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष सलिल कपूर भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

 

सम्मेलन के संयोजक राजिंदर सिंह मरवाहा ने व्यापार और उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दे मुख्य अतिथियों के सामने रखते हुए केंद्र सरकार से छह प्रमुख मांगों पर विचार करने की अपील की।

 

उन्होंने कहा कि व्यापार को बढ़ावा देने के लिए अटारी-वाघा सीमा को खोला जाना चाहिए और सीमावर्ती क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग उद्योगों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें। उन्होंने युवाओं और एमएसएमई क्षेत्र के लिए ब्याज मुक्त ऋण की मांग भी रखी।

 

मरवाहा ने पहाड़ी राज्यों की तर्ज पर पंजाब को टैक्स से जुड़ी विशेष राहत देने, व्यापारियों को गैंगस्टरों और जबरन वसूली जैसी समस्याओं से सुरक्षा प्रदान करने तथा अमृतसर को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग उठाई। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी बात कही।

 

मरवाहा ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए वह पंजाब के विभिन्न शहरों में व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ बैठकें करेंगे। उन्होंने कहा, “व्यापारियों की जो बात करेगा, वही देश पर राज करेगा।”

 

नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन सुनील जे. सिंघी ने व्यापारियों द्वारा रखे गए मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि व्यापारिक संगठनों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाया जाता है। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए मरवाहा को बधाई दी और व्यापारियों के साथ संवाद जारी रखने की बात कही।

 

पूर्व सांसद श्वेत मलिक ने मरवाहा के भाजपा में शामिल होने का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके आने से व्यापारी वर्ग से जुड़े मुद्दों को पार्टी स्तर पर एक आवाज मिली है। उन्होंने मरवाहा की ओर से आयोजित सम्मेलन की सराहना की।

 

सम्मेलन में पंजाब मीडियम इंडस्ट्री बोर्ड के पूर्व चेयरमैन परमजीत सिंह बत्तरा, वरिष्ठ उद्योगपति सतबीर सिंह, अमीरा फार्म्स के प्रतिनिधि, रिजॉर्ट एंड होटल एसोसिएशन से सौरव सेठ, लघु उद्योग भारती से डॉ. जे.पी. सिंह, ज्वैलर्स एसोसिएशन से गोगी ज्वैलर्स, सिविल लाइंस होटल एसोसिएशन से एस. चड्ढा, शास्त्री मार्केट से दीपक राय, मजीठ मंडी से संदीप, कपड़ा मार्केट से हरप्रीत सिंह, पेट्रोल पंप संगठन से परमजीत सिंह बत्तरा, वॉल्ड सिटी होटल एसोसिएशन से सरदार हरिंदर सिंह और सुरिंदर गांधी, टाहली बाजार से सरबिंदर सिंह, आर्किटेक्ट संगठन से जज्बीर सिंह अहलूवालिया, एक्सपोर्टर संगठन से सौरव सेठ, फार्मास्यूटिकल क्षेत्र से प्रवीण गुप्ता, फोकल प्वाइंट से जगमोहन मार्शल, दबुर्जी इंडस्ट्री से संजय अग्रवाल, प्लाईवुड संगठन से डॉ. संजीव अरोड़ा, फूड प्रोसेसिंग एसोसिएशन से धर्मपाल चाचा और अमीर मल्होत्रा, संजीव कपूर, गुरजीत सिंह तथा होटल एवं औद्योगिक संगठनों से सौरभ कपूर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और उद्योगपति मौजूद रहे।

 

अंत में आयोजक राजिंदर सिंह मरवाहा ने मुख्य अतिथि, विशेष अतिथियों, व्यापारियों और उद्योगपतियों का सम्मेलन में शामिल होने तथा सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *