UPI लेनदेन पर प्रस्तावित 0.40 प्रतिशत MDR का मुद्दा केंद्रीय वित्त मंत्री के समक्ष उठाया
अमृतसर, 30 सितंबर (के.एल. जीत वालिया): कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के देशभर से पहुंचे व्यापारी नेताओं के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। इस दौरान UPI लेनदेन पर प्रस्तावित 0.40 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) सहित व्यापारी वर्ग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल, कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भारतिया और कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुमित अग्रवाल ने किया।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने UPI लेनदेन पर प्रस्तावित 0.40 प्रतिशत MDR को लेकर विस्तार से चर्चा की। व्यापारी नेताओं ने वित्त मंत्री से अपील की कि विशेष रूप से त्योहारी सीजन को देखते हुए फिलहाल इस व्यवस्था को लागू करने का निर्णय स्थगित किया जाए। साथ ही व्यापारियों को प्रस्तावित व्यवस्था के बारे में जानकारी देने और जागरूक करने के लिए अतिरिक्त समय दिया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले को लेकर कुछ अन्य सुझाव भी वित्त मंत्री के समक्ष रखे।
इस अवसर पर कैट अमृतसर के अध्यक्ष संदीप खोसला ने पंजाब के व्यापारियों और उद्योगपतियों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को मांगपत्र भी सौंपा। मांगपत्र के माध्यम से पंजाब के व्यापार और उद्योग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को केंद्र सरकार के संज्ञान में लाया गया।
संदीप खोसला ने कहा कि कैट की ओर से देशभर के व्यापारी वर्ग की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री के साथ हुई बैठक में UPI सहित पंजाब के व्यापार और उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
कैट अमृतसर की ओर से उम्मीद जताई गई कि व्यापारी नेताओं द्वारा रखे गए सुझावों तथा पंजाब के व्यापार और उद्योग से जुड़ी समस्याओं को लेकर की गई मांगों पर केंद्र सरकार विचार करेगी।