वेरका, 12 नवंबर (परमजीत सिंह बग्गा): आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी ने बुधवार शाम उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। इस सूची में अमृतसर के उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से हलका इंचार्ज करमजीत सिंह रिंटू को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया।
उम्मीदवार घोषित किए जाने पर पंजाब खादी बोर्ड के सदस्य गुलजार सिंह बिट्टू ने करमजीत सिंह रिंटू को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया और उन्हें बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, अमन अरोड़ा सहित पूरी पार्टी हाईकमान का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर गुलजार सिंह बिट्टू ने कहा कि करमजीत सिंह रिंटू पार्टी के सक्रिय और मेहनती नेता होने के साथ-साथ ईमानदार व्यक्ति हैं और हर कार्यकर्ता के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि हलका इंचार्ज के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान रिंटू ने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्य करवाए हैं।
बिट्टू ने विश्वास जताया कि जनता के समर्थन और जनादेश से करमजीत सिंह रिंटू भारी मतों के अंतर से यह सीट जीतकर पार्टी की झोली में डालेंगे। उन्होंने कहा कि इस जीत को सुनिश्चित करने के लिए पार्टी का प्रत्येक वालंटियर दिन-रात मेहनत करेगा।