अमृतसर, 23 फरवरी (के.एल. जीत वालिया):शिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर हल्का उत्तरी के कूपर रोड स्थित मंदिर शिवाला फगूमल में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेते हुए भगवान शिव के दर्शन किए और लंगर ग्रहण किया।
इस अवसर पर मंदिर को सुंदर ढंग से सजाया गया था और सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही। भक्तों ने भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की प्रार्थना की। इस दौरान केवल गुप्ता, चेतन कपूर, रमन जी और एस. मट्टू जी द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
धार्मिक कार्यक्रम के तहत विशाल हवन यज्ञ का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुति दी और लोक कल्याण व शांति की कामना की। हवन यज्ञ के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर विशेष रूप से हल्का उत्तरी के आम आदमी पार्टी के नेता गौरव अग्रवाल ने भी उपस्थिति दर्ज करवाई। उन्होंने मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और संगतों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने सेवा भाव से श्रद्धालुओं को लंगर परोसा और कहा कि इस प्रकार के धार्मिक समागम समाज में भाईचारे और आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सेवादारों ने बड़ी विनम्रता और श्रद्धा से लंगर परोसा और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने ऐसे धार्मिक आयोजनों की सराहना करते हुए आयोजकों का धन्यवाद किया। समागम के दौरान पूरा वातावरण धार्मिक रंग में रंगा हुआ दिखाई दिया।