न्यू सलवान पब्लिक स्कूल का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित
अमृतसर, 28 मार्च (के.एल. जीत वालिया) – वार्ड नंबर 18 वेरका स्थित न्यू सलवान पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह बड़े ही धूमधाम से आयोजित किया गया। इस समारोह का आयोजन स्कूल के डायरेक्टर प्रेम सलवान और प्रिंसिपल तमन्ना सलवान की अगुवाई में किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आम आदमी पार्टी पंजाब के माजा जोन (लीगल विंग) के प्रधान एडवोकेट हरपाल सिंह निज्जर उपस्थित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई, जिसके बाद विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए बेहद सराहनीय रहीं।
समारोह के दौरान स्कूल के होनहार विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एडवोकेट हरपाल सिंह निज्जर ने अपने हाथों से बच्चों को पुरस्कार वितरित किए और उनका हौसला बढ़ाया।
इस मौके पर अपने संबोधन में एडवोकेट हरपाल सिंह निज्जर ने कहा कि “आज के बच्चे देश का भविष्य हैं और इस तरह के शैक्षणिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि वे बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों से भी जोड़ रहे हैं।”

उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि “बच्चों को चाहिए कि वे मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें। माता-पिता और अध्यापकों की संयुक्त मेहनत से ही एक बेहतर समाज का निर्माण संभव है।”
इस दौरान स्कूल प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि को विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, अध्यापक और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों की प्रतिभा की खुलकर सराहना की।
इस अवसर पर मैनेजर साहिल सलवान, डॉ. तरलोचन सिंह वेरका सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।