पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य विजय दत्त ने अमृतसर जिले के रैया क्षेत्र का किया दौरा बच्चों को स्वच्छ पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाने के दिए निर्देश

 

 

 

 

 

अमृतसर, 21 मई (के.एल. जीत वालिया) – पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य विजय दत्त ने बुधवार को अमृतसर जिले के रैया क्षेत्र में विभिन्न सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए), 2013 के तहत चलाई जा रही योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की समीक्षा की।

 

 

 

 

निरीक्षण के दौरान विजय दत्त ने मिड-डे मील व्यवस्था, बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, रसोई प्रबंधन और पीने के पानी की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाया जाए तथा सभी निर्धारित मानकों और दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

 

 

 

 

उन्होंने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को “किचन गार्डन” विकसित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया ताकि बच्चों को ताजी और पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध करवाई जा सकें। इसके अलावा उन्होंने मिड-डे मील तैयार करने वाली महिला रसोइयों को भोजन बनाते समय साफ-सफाई बनाए रखने और स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी।

 

 

 

 

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ स्कूलों के पास सप्ताह के दौरान बच्चों को फल वितरित करने के निर्धारित दिन की सही और अद्यतन जानकारी उपलब्ध नहीं थी। पंजाब राज्य खाद्य आयोग ने इस पर चिंता व्यक्त की। विजय दत्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को निर्धारित मेन्यू और सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार समय पर फल और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाया जाए।

 

उन्होंने अधिकारियों को पीने वाले पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित टीडीएस जांच करवाने और “फूड टेस्ट रजिस्टर” को सही तरीके से बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बच्चों और मिड-डे मील रसोइयों के नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर भी जोर दिया।

 

निरीक्षण के दौरान विजय दत्त ने बच्चों से बातचीत की और उनके साथ भोजन भी किया। उन्होंने कहा कि पंजाब राज्य खाद्य आयोग बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे अचानक निरीक्षण जारी रहेंगे।

 

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए), 2013 और संबंधित कल्याणकारी योजनाओं के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने आगे कहा कि यदि किसी व्यक्ति को एनएफएसए 2013 या संबंधित योजनाओं के संबंध में कोई शिकायत या समस्या है तो वह पंजाब राज्य खाद्य आयोग के हेल्पलाइन नंबर 9876764545 पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *