अमृतसर, 30 जून (के.एल. जीत वालिया): पंजाब सरकार के ट्रेडर्स कमीशन, जिला अमृतसर के वाइस चेयरमैन अभिषेक बंसल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा हाल ही में की गई पांच महत्वपूर्ण घोषणाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ये घोषणाएं पंजाब के सर्वांगीण विकास, जनकल्याण और आर्थिक मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग को मिलेगा।
अभिषेक बंसल ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देती आई है और सरकार के फैसले आम लोगों की जरूरतों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की पांच घोषणाएं केवल वादे नहीं, बल्कि पंजाब के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक स्पष्ट रोडमैप हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ व्यापारियों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और मजदूर वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों को मिल रहा है। ट्रेडर्स कमीशन भी व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है तथा सरकार व्यापार के लिए बेहतर और अनुकूल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार पारदर्शी और जनहितैषी शासन दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केजरीवाल की सभी पांच घोषणाओं को पूरी ईमानदारी से जमीनी स्तर पर लागू किया जाएगा, जिससे पंजाब के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, रोजगार और व्यापार के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए कार्यों की पूरे देश में सराहना हो रही है। आने वाले समय में भी सरकार जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरेगी और पंजाब को विकास एवं समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ाएगी।
अंत में अभिषेक बंसल ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का समर्थन करें और पंजाब को विकसित एवं समृद्ध राज्य बनाने में अपना योगदान दें।