मुख्यमंत्री मान ने कादियां के विकास को दी नई गति, गुरइकबाल सिंह माहल को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

कादियां, 28 जून (गुरप्रीत सिंह): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कादियां के विक्टोरिया गार्डन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस अवसर पर हाल ही में शिरोमणि अकाली दल छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए वरिष्ठ नेता गुरइकबाल सिंह माहल का हजारों समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरइकबाल सिंह माहल को कादियां क्षेत्र के विकास के लिए पूरी जिम्मेदारी और अधिकार दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि माहल द्वारा लाए जाने वाले विकास प्रस्तावों को सरकार प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी देगी और उनका उद्देश्य कादियां का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है।

 

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि कादियां विधानसभा क्षेत्र को सब-डिवीजन का दर्जा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद यहां एसडीएम और डीएसपी कार्यालय स्थापित किए जाएंगे, जिससे लोगों को प्रशासनिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।

 

अपने संबोधन में उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को ₹1,000 प्रतिमाह सम्मान राशि देने की सरकार की प्रतिबद्धता तथा ₹10 लाख तक की स्वास्थ्य बीमा योजना जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार लोगों के हित में लगातार कार्य कर रही है।

 

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि जो लोग आज सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, वे स्वयं भ्रष्टाचार और नशे की राजनीति से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा के सिद्धांतों पर काम कर रही है।

 

गुरइकबाल सिंह माहल ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे उन पर जताए गए विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कादियां विधानसभा क्षेत्र के विकास, लोगों की समस्याओं के समाधान तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर श्री हरगोबिंदपुर के विधायक एडवोकेट अमरपाल सिंह, विधायक गुरदीप सिंह रंधावा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जरनैल सिंह माहल, डिप्टी कमिश्नर आदित्य उप्पल, सहायक आयुक्त कुलदीप चंद, एसडीएम सारंगप्रीत सिंह, डीएसपी मनोज कुमार, डीपीआरओ हरजिंदर सिंह कलसी, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, पार्टी नेता तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *