राष्ट्रीय लॉन टेनिस चैंपियन जगतेश्वर सिंह संधू को मिला ‘द आइकॉनिक पंजाबी अवॉर्ड–2026’

ग्लोबल पंजाब कॉन्क्लेव में विभिन्न क्षेत्रों की नामचीन हस्तियों को किया गया सम्मानित

फगवाड़ा, 30 जुलाई (के.एल. जीत वालिया): हाल ही में द कबाना रिज़ॉर्ट, फगवाड़ा में द आइकॉनिक पंजाबी अवॉर्ड्स–2026 और ग्लोबल पंजाब कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में धर्म, राजनीति, समाज सेवा, खेल, स्वास्थ्य, उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, पत्रकारिता और कला जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दमदमी टकसाल के प्रमुख संत बाबा हरनाम सिंह खालसा थे। इसके अलावा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से प्रसिद्ध अर्थशास्त्री एवं हिज हाइनेस शेख के कार्यालय के निदेशक डॉ. मोहम्मद अली हटावी के नेतृत्व में एक विशेष प्रतिनिधिमंडल भी समारोह में शामिल हुआ।

इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह, डॉ. दलजीत सिंह चीमा, विधायक जरनैल सिंह, विधायक परगट सिंह, डॉ. प्रदीप बाबा माधोक सहित कई प्रमुख राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक हस्तियां उपस्थित रहीं।

पुरस्कार समारोह के दौरान देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बनाने वाली अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इनमें प्रमुख आकर्षण राष्ट्रीय अंडर-17 लॉन टेनिस चैंपियन जगतेश्वर सिंह संधू रहे, जिन्हें खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन और पंजाब का नाम रोशन करने के लिए ‘द आइकॉनिक पंजाबी अवॉर्ड–2026’ से सम्मानित किया गया।

इस सम्मान से जगतेश्वर सिंह संधू ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे पंजाब का गौरव बढ़ाया है।

इसके अलावा डॉ. वरिंदर सिंह भुल्लर, नवदीप सिंह भट्टी, सरदार अमरदीप सिंह गिल, कुल सिद्धू, सोनिया मान, ढाडी बीबी दलेर कौर खालसा, विरासत संधू, माही शर्मा, आईएएस लछमन सिंह मलूका, पहलवान करतार सिंह, हॉकी खिलाड़ी हरजीत सिंह, भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी गुरजीत कौर, डॉ. दिनेश औलक, डॉ. रमणदीप कौर, डॉ. परमप्रीत सिंह सहित कई अन्य प्रतिभाओं को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

ग्लोबल पंजाब कॉन्क्लेव के दौरान पंजाब के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, कृषि और विकास संबंधी महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने पंजाब के उज्ज्वल और प्रगतिशील भविष्य के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।

कार्यक्रम की सफलता का श्रेय डीआईबी इवेंट्स की टीम को दिया गया। मनजिंदर सिंह, फतेह अमनदीप सिंह, गुरसिमरन सिंह तथा पूरी टीम ने उत्कृष्ट प्रबंधन के साथ इस आयोजन को यादगार बनाया। यह कार्यक्रम पंजाबी प्रतिभाओं को वैश्विक पहचान दिलाने और विश्वभर के पंजाबी समुदाय को एक मंच पर जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *