विधायक डॉ. गुप्ता, मेयर भाटिया और पार्षद ढोट ने जलियांवाला बाग से अंदरूनी शहर तक शुरू किया स्वच्छता अभियान

अमृतसर, 30 अगस्त (के.एल. जीत वालिया):
पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश को स्वच्छ, हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए “मिशन क्लीन पंजाब” के तहत अमृतसर में चलाया जा रहा विशेष स्वच्छता अभियान दूसरे दिन भी पूरे जोश के साथ जारी रहा। अमृतसर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में यह अभियान जलियांवाला बाग से अंदरूनी शहर तक विधायक डॉ. अजय गुप्ता के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।

स्वच्छता अभियान शुरू करने से पहले विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने अपने साथियों के साथ शहीदों की धरती जलियांवाला बाग पहुंचकर नमन किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि पवित्र शहर अमृतसर को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाए रखना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता और स्वच्छता को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन तथा आम आदमी पार्टी की टीम लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि नागरिक अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और कूड़े का निपटारा केवल निर्धारित स्थानों पर करें, तो अमृतसर को और अधिक स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।

विधायक डॉ. गुप्ता ने नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा खुले में या सड़कों पर न फेंकें। घरेलू कचरा नगर निगम के घर-घर कूड़ा संग्रह करने वाले वाहनों को ही सौंपें अथवा निर्धारित डस्टबिन में डालें। इसके साथ ही पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन रहे प्लास्टिक के थैलों के इस्तेमाल से पूरी तरह बचने की अपील भी की।

इस अवसर पर मेयर जतिंदर सिंह भाटिया ने कहा कि “मिशन क्लीन पंजाब” को सफल बनाने के लिए नगर निगम और आम जनता का सामूहिक सहयोग बेहद जरूरी है। प्रत्येक नागरिक के छोटे-छोटे प्रयास भी पवित्र शहर अमृतसर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

इस मौके पर आम आदमी पार्टी के अमृतसर लोकसभा प्रभारी एवं पार्षद जरनैल सिंह ढोट, पार्टी के ब्लॉक प्रभारी, वार्ड प्रभारी, सैनिटेशन अधिकारी तथा नगर निगम का स्टाफ भी मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *