शेरे पंजाब टी-20 के तीसरे सीजन का खिताब जीतकर गुरु नगरी पहुंचे अमृतसर सूरमाज

विधायक निज्जर, मेयर भाटिया, जे.पी. सिंह, सौरव सेठ, राज कुमार शर्मा, सागर मेहरा और डॉ. साहिबबाज ने दी बधाई

अमृतसर, 20 सितंबर (के.एल. जीत वालिया)- शेरे पंजाब टी-20 लीग के तीसरे सीजन का खिताब अपने नाम करने के बाद अमृतसर सूरमाज की चैंपियन टीम गुरु नगरी अमृतसर पहुंची। टीम के अमृतसर पहुंचने पर अमृतसर गेम एसोसिएशन के सदस्यों, खेल प्रेमियों और शहरवासियों की ओर से टीम का भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर अमृतसर गेम एसोसिएशन के सचिव सागर मेहरा, अमृतसर के प्रमुख समाजसेवी एवं खेल प्रमोटर सौरव सेठ, टीम के मालिक डॉ. साहिबबाज सिंह, अंकुर अग्रवाल, अजय क्वात्रा, कोच संदीप सनवाल, मनीष शर्मा तथा टीम मैनेजर लवली अरोड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों ने विजेता टीम का स्वागत किया।

ए.जी.ए. ग्राउंड में आयोजित विशेष समारोह के दौरान शेरे पंजाब टी-20 लीग की विजेता टीम अमृतसर सूरमाज के खिलाड़ियों को एप्पल के आईपैड और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जीत को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर हलका दक्षिण से विधायक एवं चीफ खालसा दीवान के अध्यक्ष डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, अमृतसर के मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया, विधायक जसविंदर सिंह रमदास के सुपुत्र जे.पी. सिंह, एस.डी.एम. अमृतसर स. गुरविंदर सिंह तथा भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रहे अभिषेक शर्मा के पिता श्री राज कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता टीम को बधाई दी।

इस अवसर पर अमृतसर गेम एसोसिएशन के प्रतिनिधि एवं शहर के प्रमुख कारोबारी सौरव सेठ और एसोसिएशन के सचिव सागर मेहरा ने कहा कि अमृतसर सूरमाज ने टी-20 लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए जहां अमृतसर का गौरव बढ़ाया है, वहीं पूरे पंजाब का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अमृतसर गेम एसोसिएशन की ओर से खेलों को बढ़ावा देने के लिए और भी बड़े प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि अमृतसर सूरमाज की यह ऐतिहासिक जीत शहर के सभी खेल प्रेमियों और अमृतसरवासियों को समर्पित है। इस सफलता के साथ अमृतसर की खेल पहचान में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।

इस अवसर पर डी.ए.वी. संस्थान से डॉ. जे.पी. सूर, बार एसोसिएशन अमृतसर के पूर्व सचिव एडवोकेट इंदरजीत सिंह अड़ी, स. नवजोत सिंह सिद्धू के ओ.एस.डी. जस्मीत सिंह सोढ़ी, चाचा धर्मपाल सहित बड़ी संख्या में कोच, खिलाड़ी, खेल प्रेमी और शहर के गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *