अमृतसर, 5 अक्टूबर (के.एल. जीत वालिया): डाक विभाग, अमृतसर मंडल की ओर से डाक सेवाओं से संबंधित लोगों की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निपटारे के लिए 7 अक्टूबर 2026 को डाक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
यह डाक अदालत सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक कार्यालय वरिष्ठ अधीक्षक डाकघर, रियाल्टो चौक, अमृतसर में आयोजित की जाएगी।
डाक अदालत का मुख्य उद्देश्य डाक सेवाओं से संबंधित शिकायतों का निपटारा करने के साथ-साथ शिकायतकर्ताओं को व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर प्रदान करना है। इस दौरान लोग डाक सेवाओं से जुड़ी अपनी समस्याओं और शिकायतों को सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।
डाक विभाग की ओर से बताया गया कि डाक अदालत के माध्यम से शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनके शीघ्र निपटारे के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य लोगों को बेहतर, पारदर्शी और प्रभावी डाक सेवाएं उपलब्ध कराना है।
डाक विभाग ने डाक सेवाओं से संबंधित शिकायत या समस्या रखने वाले लोगों से अपील की है कि वे डाक अदालत में शामिल होकर अपनी शिकायतें प्रस्तुत करें और इस अवसर का लाभ उठाएं।