सेंट पॉल्स चर्च में सचिन पायलट और परगट सिंह का ईसाई समुदाय ने किया गर्मजोशी से स्वागत

पंजाब की शांति, खुशहाली और सर्वजन कल्याण के लिए की गई प्रार्थना

अमृतसर, 8 अक्टूबर (के. एल. जीत वालिया): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट तथा पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह ने अमृतसर के रियाल्टो चौक स्थित ऐतिहासिक सेंट पॉल्स चर्च पहुंचकर विशेष प्रार्थना में भाग लिया। इस अवसर पर पंजाब की शांति, खुशहाली और सर्वजन कल्याण के लिए प्रार्थना की गई।

चर्च पहुंचने पर पंजाब कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन प्रोफेसर इमैनुएल नाहर और प्रदेश संयोजक डॉ. सुभाष थोबा के नेतृत्व में पूरी टीम तथा ईसाई समुदाय के नेताओं ने सचिन पायलट और परगट सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया।

चर्च के आध्यात्मिक वातावरण में दोनों वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने विशेष प्रार्थना में हिस्सा लिया। इस दौरान पंजाब की एकता, आपसी भाईचारे, शांति और प्रदेश के लोगों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई।

प्रोफेसर इमैनुएल नाहर ने कहा कि सचिन पायलट और परगट सिंह का ऐतिहासिक सेंट पॉल्स चर्च पहुंचना ईसाई समुदाय के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती हमेशा से विभिन्न धर्मों और समुदायों के बीच आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देती आई है।

इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारियों, ईसाई समुदाय के नेताओं और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी दोनों नेताओं से मुलाकात की। पूरे कार्यक्रम के दौरान आपसी सम्मान, सद्भाव और भाईचारे की भावना देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *