पंजाब सरकार की उल्टी गिनती शुरू, 2027 में कांग्रेस की वापसी तय: सच्चर
अमृतसर, 11 अक्टूबर (के. एल. जीत वालिया): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री प्रगट सिंह के ताजपोशी समारोह के दौरान बारिश के बावजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। बारिश भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसले को डिगा नहीं सकी। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट सहित पूरी पार्टी लीडरशिप के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक सुखबिंदर सिंह सरकारिया ने कहा कि बारिश के बीच कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी ने साबित कर दिया है कि कांग्रेस का संगठनात्मक आधार मजबूत है और पार्टी कार्यकर्ता पंजाब के राजनीतिक भविष्य को बदलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मजीठा विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी भगवंत पाल सिंह सच्चर ने कहा कि आज का जनसमूह पंजाब की मौजूदा सरकार के लिए स्पष्ट राजनीतिक संदेश है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है, क्योंकि लोग सरकार के वादों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को समझ चुके हैं।
सच्चर ने कहा कि पंजाब के लोगों ने बदलाव की उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपी थी, लेकिन आज लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, नशे की समस्या, कानून-व्यवस्था और जनता की बुनियादी समस्याओं ने सरकार के दावों की पोल खोल दी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी नए अध्यक्ष श्री प्रगट सिंह के नेतृत्व में एकजुट होकर जनता के मुद्दों को और मजबूती से उठाएगी। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को सरकार की विफलताओं से अवगत कराएगा।
सच्चर ने दावा किया कि बारिश में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह उत्साह आने वाले राजनीतिक बदलाव की झलक है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों में पंजाब की जनता कांग्रेस को दोबारा सत्ता में लाने के लिए निर्णायक भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर सांसद अमर सिंह, जिला कांग्रेस अमृतसर शहरी के पूर्व अध्यक्ष अश्वनी पप्पू, रवि कुमार सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।