भारत स्वास्तिक यात्रा के दौरान पूज्य मोरारी बापू का श्रीमन माधव गौड़ीय वैष्णव पीठ में गर्मजोशी से स्वागत

 

आचार्य श्री पुंडरीक गोस्वामी जी महाराज और श्रीमती सुकृति गोस्वामी जी ने किया सम्मानपूर्वक अभिनंदन

अमृतसर, 19 अक्टूबर (के.एल. जीत वालिया / शाम सुंदर): भारत स्वास्तिक यात्रा के तहत श्रीरामचरितमानस की कथा के माध्यम से देशभर में भगवान श्रीराम का संदेश पहुंचा रहे पूज्य मोरारी बापू का अमृतसर स्थित श्रीमन माधव गौड़ीय वैष्णव पीठ, वेरका-मजीठा बाईपास पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।

पूज्य मोरारी बापू इन दिनों कन्याकुमारी से केदारनाथ तक भारत स्वास्तिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा के दौरान 19 अक्टूबर को अमृतसर के वाघा सीमा क्षेत्र में उनकी कथा का कार्यक्रम हुआ। कथा के उपरांत वे श्रीमन माधव गौड़ीय वैष्णव पीठ पहुंचे, जहां उनके आगमन पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस विशेष अवसर पर श्रीमन माधव गौड़ेश्वर वैष्णव पीठ के आचार्य श्री पुंडरीक गोस्वामी जी महाराज और उनकी माता श्रीमती सुकृति गोस्वामी जी विशेष रूप से पूज्य मोरारी बापू के स्वागत के लिए उपस्थित रहे। उन्होंने पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ मोरारी बापू का अभिनंदन किया।

वैष्णव पीठ पहुंचकर पूज्य मोरारी बापू ने श्री अमृतेश्वर महादेव का अभिषेक किया। इसके साथ ही उन्होंने गौ माता की सेवा की और षड्भुज महाप्रभु जी के दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने अपनी प्रसन्नता और स्नेह के साथ उपस्थित श्रद्धालुओं को दर्शन देकर निहाल किया।

इस पावन अवसर पर वैष्णव पीठ के सभी ट्रस्टी और कई गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। पूज्य मोरारी बापू के आगमन से पूरे पीठ परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने इस अवसर को अपने लिए सौभाग्यपूर्ण और यादगार बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *