VLCC की संस्थापक वंदना लूथरा परिवार सहित श्री हरिमंदिर साहिब में हुईं नतमस्तक

अमृतसर, 23 अक्टूबर (के.एल. जीत वालिया): प्रसिद्ध सौंदर्य एवं स्वास्थ्य सेवा संस्थान VLCC की संस्थापक वंदना लूथरा ने अपने परिवार के साथ अमृतसर स्थित सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेककर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने स्वर्ण मंदिर के पवित्र और आध्यात्मिक वातावरण में कुछ समय बिताया तथा सर्वजन के कल्याण के लिए अरदास की।

वंदना लूथरा और उनके परिवार के सदस्यों ने श्री हरिमंदिर साहिब में गुरबाणी कीर्तन का श्रवण किया और इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे की धार्मिक मर्यादा एवं परंपराओं को करीब से महसूस किया। उन्होंने पवित्र स्थल की विशिष्ट आध्यात्मिकता, शांति और सेवा की परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

दर्शन करने के बाद वंदना लूथरा सूचना केंद्र पहुंचीं, जहां उन्हें श्री हरिमंदिर साहिब से संबंधित धार्मिक और ऐतिहासिक जानकारी दी गई। उन्होंने और उनके परिवार ने गुरु घर के प्रति सम्मान और श्रद्धा प्रकट की।

इस अवसर पर सूचना केंद्र में वंदना लूथरा को श्री हरिमंदिर साहिब का सुंदर चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। स्मृति चिह्न प्राप्त करने पर उन्होंने अपनी यात्रा को यादगार अनुभव बताया और इस विशेष भेंट के लिए आभार व्यक्त किया।

वंदना लूथरा के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि श्री हरिमंदिर साहिब की पवित्र धरती पर आकर मन को अपार शांति और सुकून मिलता है। उन्होंने गुरु घर में समस्त मानवता के कल्याण, सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *