होलसेल केमिस्ट एसोसिएशन, बठिंडा की आपातकालीन बैठक में हैबिट-फॉर्मिंग दवाइयों की बिक्री एवं खरीद बंद करने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित

बठिंडा, 31 अक्तूबर ( सतपाल मान ):– होलसेल केमिस्ट एसोसिएशन, बठिंडा की एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई, जिसमें एसोसिएशन के बड़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में दवाइयों के कारोबार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पीसीए की गाइडलाइंस के अनुसार हैबिट-फॉर्मिंग एवं दुरुपयोग की आशंका वाली दवाइयों, जिनमें Pregabalin, Tapentadol और Tramadol शामिल हैं, के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि आज के बाद एसोसिएशन के सदस्य इन दवाइयों की न तो बिक्री करेंगे, न ही खरीद करेंगे। सदस्यों ने यह भी निर्णय लिया कि इन दवाइयों का जो शेष स्टॉक उनके पास उपलब्ध है, उसे संबंधित कंपनियों को वापस भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
एसोसिएशन ने इस निर्णय के माध्यम से दवाइयों के जिम्मेदार व्यापार, नियमों के अनुपालन तथा समाज के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
यह आपातकालीन बैठक कृष्ण गोयल, प्रधान, होलसेल केमिस्ट एसोसिएशन, बठिंडा, एवं रेबती कंसल, जनरल सेक्रेटरी, होलसेल केमिस्ट एसोसिएशन, बठिंडा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें होलसेल के सभी मेंबर शामिल हुए, इस निर्णय का जिला प्रधान अशोक बालियांवाली ने किया स्वागत ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *