अमृतसर, 16 फरवरी (के.एल.जीत वालिया):न्याय तक पहुँच को तकनीक के माध्यम से मजबूत बनाने की दिशा में आज सेशन डिवीजन अमृतसर में ई-मुलाकात (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) सुविधा का शुभारंभ किया गया। इस सुविधा के जरिए जेल में बंद कैदी अपने वकीलों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत कर सकेंगे।
यह पहल माननीय जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा और माननीय जस्टिस रोहित कपूर, प्रशासनिक जज सेशन डिवीजन अमृतसर के मार्गदर्शन में की गई है। इस सुविधा से कैदियों को समय पर कानूनी सलाह मिल सकेगी और अदालत लाने-ले जाने में आने वाली कठिनाइयाँ कम होंगी।
समारोह के दौरान जस्टिस रोहित कपूर ने कहा कि यह कदम न्याय प्रणाली में तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि इससे कैदियों को अदालत लाने-ले जाने के खर्च और सुरक्षा संबंधी जोखिम कम होंगे, साथ ही पुलिस व जेल प्रशासन पर बोझ घटेगा और मामलों की सुनवाई तेज होगी।
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरपर्सन, जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण अमृतसर जतिंदर कौर ने कहा कि यह सुविधा न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम कदम है।
सेक्रेटरी, जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण अमृतसर अमरदीप सिंह बैंस तथा सेशन डिवीजन के सभी न्यायिक अधिकारी भी मौजूद रहे। अमरदीप सिंह बैंस ने कहा कि इस सुविधा से खर्च और सुरक्षा जोखिम घटेंगे तथा मामलों के शीघ्र निपटारे में सहायता मिलेगी।
इसी दिन अदालत परिसर में वकीलों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए लिफ्ट लगाने हेतु शिलान्यास भी किया गया, जिससे अदालत आने वालों को अतिरिक्त सहूलियत मिलेगी। सेशन डिवीजन अमृतसर न्याय प्रणाली को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।