संतों महापुरुषों की स्मृति में छेहरटा चौक पर लगाया गया लंगर
अमृतसर, 1 मार्च (के.एल. जीत वालिया) – हलका पश्चिमी के छेहरटा चौक में संतों महापुरुषों की पावन स्मृति में विशाल लंगर का आयोजन किया गया। यह लंगर विदेश में रह रहे समाजसेवी मनीष कुमार (ऑस्ट्रेलिया) द्वारा क्षेत्रवासियों के सहयोग से आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विशेष रूप से आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दिलबाग सिंह वडाली उपस्थित हुए और लंगर वितरण सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने संतों महापुरुषों की शिक्षाओं को स्मरण करते हुए कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ी सेवा है तथा इस प्रकार के धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।

दिलबाग वडाली ने कहा कि विदेश में रहकर भी मनीष कुमार का अपने शहर और क्षेत्र से जुड़े रहना तथा सामाजिक सेवाओं में योगदान देना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं।
इस अवसर पर श्री अजयपाल सिंह वड़ैच, निमत शर्मा सहित बड़ी संख्या में दुकानदार और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से लंगर ग्रहण किया और व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।
लंगर के दौरान सेवादारों द्वारा अनुशासन और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी का धन्यवाद किया और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य जारी रखने का विश्वास दिलाया।