अमृतसर, 7 मार्च (के.एल.जीत वालिया) – धन-धन ब्रह्म ज्ञानी बाबा वडभाग सिंह जी के तप स्थान गुरुद्वारा मंजी साहिब में होलियों के मेले के अवसर पर समाज भलाई के कार्य करने वाले व्यक्तियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान गुरुद्वारा मंजी साहिब की मैनेजमेंट कमेटी और संत महापुरुष बाबा स्वर्णजीत सिंह जी की अगुवाई में किया गया।
इस अवसर पर अकाल सेवा फाउंडेशन के प्रधान हरपाल सिंह रंधावा और प्रसिद्ध समाजसेवी सरबजीत सिंह सोनू जंडियाला को सरोपा भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
संत महापुरुष बाबा स्वर्णजीत सिंह जी ने कहा कि जो लोग देश और समाज की भलाई के लिए निस्वार्थ सेवा करते हैं, उनका हौसला बढ़ाना हमारा फर्ज बनता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में पंजाब के युवाओं को सही दिशा देने की बहुत आवश्यकता है और ऐसे समाजसेवियों की मिसाल युवाओं के लिए प्रेरणा बनती है।
उन्होंने बताया कि सरबजीत सिंह सोनू जंडियाला द्वारा पर्यावरण की सुरक्षा, पवन-पानी और धरती को बचाने के लिए भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा वे सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए 100 से अधिक लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर मानवता की मिसाल कायम कर चुके हैं।
इसके साथ ही वे छोटे बच्चों को भीख मांगने से रोककर उन्हें शिक्षा से जोड़ने के लिए भी लगातार प्रयास कर रहे हैं। संत महापुरुषों ने कहा कि अकाल सेवा फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे समाज भलाई के कार्य सराहनीय हैं और ऐसी संस्थाओं को हमेशा प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब की मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में संगत भी उपस्थित थी।