अमृतसर में 50 करोड़ की लागत से बनेगा पंजाब का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर : चेयरमैन कटारिया

 

अमृतसर, 7 मार्च (के.एल.जीत वालिया) – डिस्ट्रिक्ट ट्रेडर कमीशन अमृतसर के चेयरमैन गुरप्रीत सिंह कटारिया ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा द्वारा किए गए उस ऐलान का स्वागत किया है, जिसके तहत अमृतसर में पंजाब का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर 50 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। इसके साथ ही महिंद्रा और एस.एस. ग्रुप की ओर से तीन प्रोजेक्टों में लगभग 460 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा तथा श्री दरबार साहिब के नजदीक 110 कमरों वाला होटल भी बनाया जाएगा।

कटारिया ने कहा कि पिछले दिनों डिस्ट्रिक्ट ट्रेडर कमीशन अमृतसर की ओर से शहर के व्यापारियों के साथ एक विशाल बैठक की गई थी, जिसमें व्यापारियों ने अमृतसर में एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर बनाने की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने व्यापारियों और डिस्ट्रिक्ट ट्रेडर कमीशन के पदाधिकारियों की इस मांग को स्वीकार करते हुए यह बड़ा फैसला लिया है, जो शहर के व्यापार और पर्यटन को और मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि डिस्ट्रिक्ट ट्रेडर कमीशन अमृतसर व्यापारियों की समस्याओं को हल करने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है और व्यापारियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। कमीशन की ओर से व्यापारियों के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका तुरंत समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

कटारिया ने आगे कहा कि अमृतसर के व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ मिलकर व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के व्यापारियों को वह हर सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, जिसके वे हकदार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *