बदलते मौसम में स्वास्थ्य को सही रखने के लिए गोंद कतीरा और चना सत्तू गर्मियों के लिए वरदान – डाइटीशियन श्वेता

अमृतसर, 23 अप्रैल (के.एल. जीत वालिया) – जस्ट डाइट की एम.डी. डाइटीशियन श्वेता ने जस्ट डाइट के मुख्य कार्यालय गुमटाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बदलते मौसम और बढ़ती गर्मी में स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए गोंद कतीरा और चना सत्तू को अपनी डाइट में शामिल करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि गर्मी बढ़ने के कारण शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जिससे थकान, कमजोरी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इसलिए केवल सादा पानी पीने की बजाय अपनी पानी की बोतल में गोंद कतीरा और नींबू डालकर सेवन करना चाहिए। इससे शरीर को ठंडक मिलती है और शरीर लंबे समय तक हाइड्रेट रहता है।

डाइटीशियन श्वेता ने कहा कि धूप से घर लौटते ही चने का सत्तू जरूर पीना चाहिए, क्योंकि इसकी तासीर बहुत ठंडी होती है। यह शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है, पाचन तंत्र को मजबूत करता है और गर्मी के प्रभाव को कम करता है।

उन्होंने बताया कि गर्मियों के मौसम में ताजे फल, खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूजा और हरी सलाद को अपनी दैनिक डाइट में अवश्य शामिल करना चाहिए। फलों और सलाद में पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है और त्वचा को भी स्वस्थ बनाए रखती है।

डाइटीशियन श्वेता ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति घर बैठे अपना वजन कम या बढ़ाना चाहता है, तो सबसे पहला कदम अपनी दिनचर्या को अनुशासित बनाना है। समय पर भोजन करना, पर्याप्त नींद लेना, पर्याप्त पानी पीना और नियमित रूप से योग व सैर करना बहुत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए केवल अच्छी डाइट ही नहीं, बल्कि सही जीवनशैली भी बेहद जरूरी है। यदि हम अपनी रोजमर्रा की आदतों में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव लाएं, तो कई बड़ी बीमारियों से बचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *