अमृतसर, 26 अप्रैल (के.एल. जीत वालिया) – अमृतसर के प्रमुख समाजसेवी और आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता संजीव भाटिया ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने विधायक एवं पूर्व डीआईजी कुंवर विजय प्रताप सिंह के साथ बड़ा धोखा किया है। पार्टी ने उनकी ईमानदार छवि, प्रशासनिक अनुभव और लोकप्रियता का लाभ उठाकर सरकार तो बना ली, लेकिन सरकार बनने के बाद उन्हें वह मान-सम्मान और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां नहीं दी गईं, जिनके वे वास्तविक हकदार थे।
संजीव भाटिया ने कहा कि यदि आम आदमी पार्टी सरकार ने कुंवर विजय प्रताप सिंह को कोई महत्वपूर्ण विभाग या निर्णयात्मक जिम्मेदारी दी होती और उनकी सलाह को गंभीरता से लिया होता, तो आज पंजाब के हालात काफी अलग हो सकते थे। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशा और गैंगस्टरवाद पहले से कहीं अधिक बढ़ चुका है, जबकि कुंवर विजय प्रताप सिंह अपनी योग्यता, सूझबूझ और सख्त प्रशासनिक पकड़ से इस समस्या का बड़े स्तर पर समाधान कर सकते थे।
भाटिया ने कहा कि यदि गृह मंत्रालय विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह के पास होता, तो पंजाब में नशे का पूरी तरह खात्मा हो सकता था और गैंगस्टरों का सफाया भी तय था। उन्होंने कहा कि एक ईमानदार और निडर अधिकारी को राजनीति में भी वही सम्मान मिलना चाहिए था, लेकिन पार्टी के भीतर कुछ शक्तिशाली लोग ऐसे ईमानदार व्यक्तियों को आगे बढ़ता नहीं देखना चाहते।
उन्होंने आगे कहा कि कुंवर विजय प्रताप सिंह की अनदेखी की सजा जनता ने आम आदमी पार्टी को दिल्ली विधानसभा और हरियाणा विधानसभा चुनावों में दे दी है। लोग अब समझ चुके हैं कि सच्चे और ईमानदार नेताओं को हाशिए पर धकेलने वाली राजनीति ज्यादा समय तक नहीं चल सकती। पंजाब के लोग भी अब धीरे-धीरे आम आदमी पार्टी से दूरी बना रहे हैं।
संजीव भाटिया ने कहा कि पंजाब के लोग आज भी कुंवर विजय प्रताप सिंह जैसे साफ-सुथरी छवि वाले नेताओं पर भरोसा करते हैं और उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में ऐसे नेताओं को जनता की ओर से उनका बनता सम्मान अवश्य मिलेगा।