चुनाव के मद्देनज़र मजीठा शहर में निकाला गया फ्लैग मार्च
अमृतसर, 22 मई (के.एल. जीत वालिया) -नगर काउंसिल चुनाव के दौरान शहर मजीठा के मतदाता निडर और बेखौफ होकर अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल करें। यह शब्द जिला पुलिस प्रमुख अमृतसर देहाती सुहेल मीर कासिम आईपीएस ने आज शहर मजीठा में निकाले गए फ्लैग मार्च की अगुवाई करते हुए पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहे।
उन्होंने कहा कि इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य लोगों के मन से डर और भय को दूर करना तथा उनमें यह विश्वास पैदा करना है कि वे बिना किसी डर और दबाव के अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई भी शरारती तत्व माहौल खराब न कर सके।
एसएसपी ने कहा कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा करना पुलिस की पहली प्राथमिकता होगी। किसी भी शरारती तत्व को चुनाव प्रक्रिया में खलल डालने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अमन और कानून व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखा जाएगा।
इस मौके पर जिला पुलिस प्रमुख अमृतसर देहाती के साथ एसपी हेडक्वार्टर तेजबीर सिंह, डीएसपी इंदरजीत सिंह, डीएसपी पवन कुमार, डीएसपी कमलमीत सिंह, डीएसपी मैडम तृप्ता सूद, एसएचओ मजीठा करमपाल सिंह, एसएचओ हिमांशु भगत, एसएचओ अवतार सिंह, एसएचओ समशेर सिंह, एएसआई हरिंदर सिंह स्पेशल ब्रांच, एएसआई हरजिंदर सिंह, एएसआई अवतार सिंह, एएसआई मेजर सिंह मजीठा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।