अमृतसर, 3 जुलाई (के.एल. जीत वालिया): पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित वर्षभर के विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत गुरुवार शाम अमृतसर के रंजीत एवेन्यू स्थित दशहरा ग्राउंड में भव्य कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया।
समारोह की शुरुआत पूर्ण गुरमत मर्यादा के अनुसार श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश और श्री सुखमनी साहिब के पाठ से हुई। इसके पश्चात श्री हरमंदिर साहिब के हजूरी रागी भाई जबरतोड़ सिंह तथा गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब के रागी जत्थे भाई हरदयाल सिंह ने श्री गुरु रविदास जी की पवित्र वाणी का भावपूर्ण कीर्तन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पंजाब पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग द्वारा जिला प्रशासन अमृतसर के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। गुरु का अटूट लंगर, वाहन पार्किंग तथा जूता घर की समुचित व्यवस्था की गई।
650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रक्तदान किया। अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) सुरिंदर सिंह ने भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी द्वारा दिया गया ‘बेगमपुरा’ का संदेश आज भी समानता, सामाजिक न्याय और भेदभाव रहित समाज की स्थापना के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने लोगों से गुरु जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में श्री गुरु रविदास जी के 40 शब्द और एक शलोक दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि गुरु रविदास जी ने अपनी वाणी के माध्यम से प्रेम, भक्ति, समानता और जात-पात के भेदभाव के विरुद्ध संदेश दिया।
विधायिका जीवन ज्योत कौर ने कहा कि महान गुरुओं के प्रकाश पर्व मनाना हम सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने याद दिलाया कि 649वें प्रकाश पर्व पर खुरालगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 650वें प्रकाश पर्व को पूरे वर्ष विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से मनाने तथा गुरु रविदास जी के संदेश को विश्वभर तक पहुंचाने की घोषणा की थी, जिसके अंतर्गत ये कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
समारोह में शामिल श्रद्धालुओं ने श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को वैश्विक स्तर पर प्रचारित करने के लिए पंजाब सरकार के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ, विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू, डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, जसविंदर सिंह रामदास, जीवन ज्योत कौर, मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया, गुरु रविदास समाज के प्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, आम आदमी पार्टी के नेताओं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।