17 जुलाई को अमृत भारत स्टेशनों और देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का होगा उद्घाटन, उत्तर रेलवे ने समारोह के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई

 

अमृतसर, 14 जुलाई (उप्पल):प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे तथा देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस कार्यक्रम को लेकर उत्तर रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उत्तर रेलवे मुख्यालय ने समारोह के सफल आयोजन के लिए विभिन्न मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित करते हुए आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेशों के अनुसार अंबाला मंडल के मोहाली, करतौली, आनंदपुर साहिब, अंब अंदौरा और कालका, दिल्ली मंडल के शामली, नवाना, मोदीनगर और सोनीपत, तथा मुरादाबाद मंडल के हर्रावाला और धामपुर रेलवे स्टेशनों पर उद्घाटन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है। फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले मुक्तसर रेलवे स्टेशन के उद्घाटन समारोह के लिए सीपीएम जीएसयू/यूएमबी को जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन समारोह के लिए जालंधर और जींद में भी उत्तर रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है। जालंधर में आयोजित कार्यक्रम में फिरोजपुर मंडल के डीआरएम सहित कई विभागाध्यक्ष उपस्थित रहेंगे, जबकि जींद में तकनीकी और प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आदेशों के अनुसार रेल संचालन की निगरानी मुख्य माल परिवहन प्रबंधक (CFTM) उत्तर रेलवे मुख्यालय के कंट्रोल कार्यालय से करेंगे, जबकि संचार व्यवस्था की निगरानी के लिए मुख्य संचार अभियंता (CCE) रेलवे बोर्ड के निदेशक (दूरसंचार) के साथ समन्वय बनाए रखेंगे।

उत्तर रेलवे द्वारा आदेश जारी किए जाने के बाद 17 जुलाई के उद्घाटन समारोह की तैयारियां और तेज कर दी गई हैं। इस अवसर पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा तथा भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *