अमृतसर, 22 जुलाई (के.एल. जीत वालिया):- भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को संसद की रक्षा मामलों संबंधी सलाहकार समिति का सदस्य नियुक्त किए जाने पर अमृतसर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। भाजपा पंजाब के वरिष्ठ नेता सरबजीत सिंह शंटी ने तरुण चुघ को इस महत्वपूर्ण समिति का सदस्य बनाए जाने पर हार्दिक बधाई दी।
शंटी ने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है, जो लंबे समय से सीमा पार आतंकवाद, ड्रोन घुसपैठ, नशा तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में इस महत्वपूर्ण समिति में तरुण चुघ की नियुक्ति बेहद अहम है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तरुण चुघ इस मंच पर पंजाब की सीमाओं की सुरक्षा, सीमावर्ती जिलों की समस्याओं, सीमा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंताओं तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
शंटी ने कहा कि यह नियुक्ति तरुण चुघ के व्यापक अनुभव, राष्ट्रवादी सोच तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत बनाने में उनके योगदान का सम्मान है। उन्होंने इस नई जिम्मेदारी के लिए तरुण चुघ को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष शंकर लाल, मंडल महामंत्री दविंदर बॉबी, तरुण अरोड़ा, विशाल शूर, सीमा शर्मा, मंजीत चंडोक, कमलेश कुमारी, गौतम उम्मत, अंशुल खन्ना, रिंकू मट्टेवाल, मनीष धवन, सजन धुन्ना, अमित गोयल और सनम मट्टेवाल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।