नशा तस्कर पुलिस के रडार पर, किसी को नहीं बख्शा जाएगा: डीएसपी सुशील कुमार

 

 

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए डीएसपी सुशील कुमार का विशेष सम्मान

अमृतसर, 24 जुलाई (के.एल. जीत वालिया): एंटी नारकोटिक्स बॉर्डर रेंज में तैनात डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) सुशील कुमार को पुलिस विभाग में उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर हजरत बाबा जाहरा पीर दरगाह के मुख्य सेवादार नरिंदर कुमार टीनू, नव निर्माण सोसाइटी के चेयरमैन अरुण महाजन, डॉ. अंग्रेज सिंह, राजेश शर्मा, हेल्थ केयर इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर भारत खन्ना, सामाजिक संस्था ‘मान धियां ते’ के अध्यक्ष गुरिंदर सिंह मट्टू सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने डीएसपी सुशील कुमार को पुष्पगुच्छ एवं बसंती सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।

 

सम्मान समारोह के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बॉर्डर क्षेत्र में बढ़ रही नशा तस्करी पर चिंता व्यक्त करते हुए डीएसपी सुशील कुमार से नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाकर ही युवाओं को इस बुराई से बचाया जा सकता है।

 

अपने संबोधन में डीएसपी सुशील कुमार ने कहा कि नशा तस्कर अब पुलिस विभाग के रडार पर हैं और उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि एंटी नारकोटिक्स विभाग नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

उन्होंने लोगों से भी अपील की कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी के पास नशा तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो वह बिना किसी डर के पुलिस को सूचित करे, ताकि समाज को नशे के अभिशाप से मुक्त कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *