अमृतसर, 25 जुलाई (के.एल. जीत वालिया): पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आज वार्ड नंबर 18, वेरका से श्रद्धालुओं की 42वीं बस को हलका पूर्वी की विधायिका जीवनजोत कौर ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी लीगल विंग (माझा ज़ोन) के चेयरमैन, वेरका ब्लॉक प्रधान एवं वार्ड इंचार्ज एडवोकेट हरपाल सिंह निज्जर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बस रवाना होने के दौरान बड़ी संख्या में संगत एवं स्थानीय लोगों ने उपस्थित होकर यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालुओं ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस जनकल्याणकारी योजना के माध्यम से समाज के हर वर्ग को देश के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
इस अवसर पर विधायक जीवनजोत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से लाखों श्रद्धालु अपने पवित्र गुरुद्वारों तथा अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मान सरकार जनता से किए गए वादों को लगातार पूरा कर रही है और जनहित की योजनाओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जा रहा है।
एडवोकेट हरपाल सिंह निज्जर ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने वाला एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुखद और मंगलमय यात्रा के लिए अरदास की।
इस अवसर पर दलजीत सिंह, जसदीप सिंह (सुपरवाइज़र), दलराज सिंह सहित अनेक नेता एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने पंजाब सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं न केवल लोगों की धार्मिक आस्था का सम्मान करती हैं, बल्कि समाज में भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और एकता को भी मजबूत बनाती हैं।