दुबुर्जी में पंजाब पुलिस ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

 

देश और समाज की सुरक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के बलिदान को किया याद

अमृतसर, 21 अक्टूबर (के.एल. जीत वालिया / नानू): अमृतसर के दुबुर्जी स्थित ग्रामीण पुलिस लाइन में पंजाब पुलिस की ओर से पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बॉर्डर रेंज के आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया। उन्होंने शहीद जवानों की बहादुरी, कर्तव्य के प्रति निष्ठा और देश तथा समाज की सेवा में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सलाम किया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और जवानों के अलावा शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। परिजनों ने अपने दिवंगत प्रियजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस भावुक अवसर पर कई परिजनों की आंखें नम दिखाई दीं।

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों के बलिदान को याद करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान और आदर व्यक्त किया गया। यह दिवस उन बहादुर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने लोगों की सुरक्षा और समाज में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को पूरे देश में उन पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश और जनता की सेवा में अपने प्राणों का बलिदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *