ओलंपियनों और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों की मौजूदगी में स्कूल ऑफ एमिनेंस छेहरटा में प्रदर्शनी मैच आयोजित

27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पहली बार पंजाब में होगा प्रतिष्ठित हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट

अमृतसर, 22 अक्टूबर (के.एल. जीत वालिया): पंजाब में पहली बार आयोजित होने जा रही प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता ‘हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026’ के ट्रॉफी टूर के अमृतसर पहुंचने पर खेल विभाग की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला खेल विभाग ने स्कूल ऑफ एमिनेंस, छेहरटा में हॉकी का प्रदर्शनी मैच आयोजित किया। इसमें ओलंपियनों, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों और अन्य प्रमुख हस्तियों ने शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित ओलंपियन ब्रिगेडियर हरचरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इनके अलावा कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ की पत्नी सुहिंदर कौर, ओलंपियन एवं डीसीपी जुगराज सिंह, ओलंपियन रामनदीप सिंह, ओलंपियन गुरजीत कौर, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विक्रमजीत सिंह काका और अजिंदरपाल सिंह, भारतीय रेलवे की कुलदीप कौर, पंजाब एंड सिंध बैंक के अजीत पाल सिंह, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के जगदेव सिंह, तरनतारन जिला हॉकी एसोसिएशन के सचिव गुरमीत सिंह मीता तथा भारतीय वायु सेना के सुखदेव सिंह सहित कई खेल हस्तियां उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर ओलंपियन ब्रिगेडियर हरचरण सिंह ने पंजाब में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी को गर्व की बात बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को हॉकी से जुड़ने और खेलों में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

सुहिंदर कौर ने कहा कि पंजाब की धरती ने हॉकी के अनेक महान खिलाड़ी दिए हैं। ऐसे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले राज्य की खेल विरासत को और मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि ट्रॉफी टूर युवाओं में हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ाने और खेलों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

डीसीपी एवं ओलंपियन जुगराज सिंह और ओलंपियन रामनदीप सिंह ने भी खिलाड़ियों को हॉकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में होने वाला यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय हॉकी देखने और उससे प्रेरणा लेने का अवसर देगा।

प्रदर्शनी मैच में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों ने पदक देकर सम्मानित किया। ओलंपियन ब्रिगेडियर हरचरण सिंह और सुहिंदर कौर ने उपस्थित ओलंपियनों तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। जिला खेल अधिकारी अमृतसर गुरप्रीत सिंह ने ब्रिगेडियर हरचरण सिंह और सुहिंदर कौर को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026: कार्यक्रम और भाग लेने वाली टीमें

हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के मुकाबले 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और एसएएस नगर (मोहाली) में आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में भारत, बांग्लादेश, जापान, चीन, दक्षिण कोरिया और मलेशिया की टीमें हिस्सा लेंगी।

जालंधर में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक लीग मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद 4 नवंबर को मोहाली में सेमीफाइनल मुकाबले होंगे, जबकि 5 नवंबर को तीसरे स्थान के लिए मैच और फाइनल खेला जाएगा।

जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि ट्रॉफी टूर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे अमृतसर से गुरदासपुर जिले के लिए रवाना होगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं में हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ाना और पंजाब में खेल संस्कृति को और मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *