अमृतसर, 13 दिसंबर (के.एल. जीत वालिया):शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) में समाज के सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। यह बात पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक अजेपाल सिंह मीराकोट ने शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) अमृतसर शहरी इकाई के नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कही।
इस अवसर पर अमृतसर शहरी के प्रधान मनिंदर सिंह धुन्ना द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए अजेपाल सिंह मीराकोट ने आशा व्यक्त की कि नव-निर्वाचित पदाधिकारी संगठन की चढ़दी कला के लिए दिन-रात एक कर मेहनत करेंगे तथा श्री अकाल तख्त साहिब से 2 दिसंबर 2024 को जारी हुए हुक्मनामे की भावना के अनुरूप, शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) के प्रधान सिंह साहिब ज्ञानी हरप्रीत सिंह जी के नेतृत्व में पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में अमृतसर ग्रामीण जिला, तरनतारन ग्रामीण और शहरी इकाइयों का भी विस्तार किया जाएगा और अमृतसर शहरी इकाई की तरह ही सभी वर्गों को संगठन में उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
पूर्व विधायक मीराकोट ने बताया कि संगठन का विस्तार पूर्ण होने के पश्चात आगामी समय में पार्टी की मजबूती और चढ़दी कला के लिए नई रणनीति तैयार कर बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त किया जाएगा, ताकि सभी वर्गों को साथ लेकर पंजाबियों की समग्र भलाई के लिए केंद्रीय नेतृत्व द्वारा तैयार किए जाने वाले कार्यक्रमों में प्रभावी योगदान दिया जा सके।
इस अवसर पर अमृतसर शहरी के प्रधान मनिंदर सिंह धुन्ना, महासचिव हरजीत सिंह पूरेवाल, जनरल सेक्रेटरी इंजीनियर कमलदीप सिंह, उपाध्यक्ष जगतार सिंह गिल, केंद्रीय कमेटी के वर्किंग कमेटी सदस्य मधुपाल सिंह गोगा, बिक्रम सिंह नवां पिंड सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।