नशा तस्करों पर पुलिस कड़ी नकेल कसे : मंगत राम सिल्ली

अमृतसर, 7 मार्च (के.एल.जीत वालिया) –श्री राम सोशल वेलफेयर सोसायटी (रजि.) पंजाब के प्रधान श्री मंगत राम सिल्ली ने पंजाब के मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान और डीजीपी पंजाब से मांग की है कि पंजाब से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि प्रदेश में फैल रहे नशे के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

श्री सिल्ली ने कहा कि भले ही पंजाब सरकार और पुलिस द्वारा नशा मुक्त पंजाब के लिए गांवों, कस्बों, मोहल्लों और शहरों में अलग-अलग कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद नशे का प्रचलन कम होने की बजाय बढ़ता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण पंजाब की नौजवानी बर्बादी की ओर बढ़ रही है और कई परिवार उजड़ चुके हैं।

उन्होंने कहा कि जिस उम्र में माता-पिता को अपने बच्चों के सहारे की जरूरत होती है, उसी उम्र में उन्हें अपने बेटों को खोना पड़ रहा है। कई स्थानों पर माता-पिता को ही अपने जवान बेटों की अर्थी को कंधा देना पड़ रहा है, जो बेहद दुखद स्थिति है।

श्री सिल्ली ने आरोप लगाया कि पंजाब के कई इलाकों में खुलेआम नशा बेचा जा रहा है और कहीं न कहीं पुलिस प्रशासन की ढील भी दिखाई देती है। कई जगहों पर पुलिस कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आती है, जिसके कारण नशा तस्करी पर रोक लगाने में मुश्किल आ रही है।

उन्होंने कहा कि सरकारी नशा मुक्ति केंद्र भी कई जगह अपेक्षित परिणाम नहीं दे पा रहे हैं। इन केंद्रों में दवाइयों की कमी और उचित प्रबंध न होने के कारण नशा छोड़ने वाले युवाओं को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

अंत में श्री सिल्ली ने मुख्यमंत्री और डीजीपी से जोरदार मांग की कि पंजाब से नशे के खात्मे के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और पुलिस नशा तस्करों पर सख्ती से नकेल कसे, ताकि पंजाब को नशा मुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *