अमृतसर, 5 जून (के.एल. जीत वालिया): आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं ट्रेडर कमीशन, अमृतसर वेस्ट के चेयरमैन मनजीत सिंह मान ने पंजाब सरकार द्वारा ट्रेडर कमीशन के गठन को व्यापारी वर्ग के हितों के लिए एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी फैसला बताया है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने पहली बार व्यापारियों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए एक मजबूत एवं प्रभावशाली मंच उपलब्ध कराया है।
उन्होंने कहा कि पहले व्यापारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे और कई बार उन्हें यह भी पता नहीं होता था कि उनकी समस्या का समाधान किस विभाग या अधिकारी के पास है।
मनजीत सिंह मान ने कहा कि ट्रेडर कमीशन के गठन से अब व्यापारियों को अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम मिल गया है। इससे न केवल उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान संभव होगा, बल्कि सरकार और व्यापारी वर्ग के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित होगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब की अर्थव्यवस्था में व्यापारियों का महत्वपूर्ण योगदान है और उनके हितों की रक्षा के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास राज्य के व्यापारिक विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि ट्रेडर कमीशन व्यापारी वर्ग की आवाज बनकर कार्य करेगा तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। मनजीत सिंह मान ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों को सशक्त बनाने और उनके हितों की सुरक्षा के लिए उठाया गया यह कदम अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि ट्रेडर कमीशन के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और पंजाब में व्यापारिक माहौल को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।