लिबर्टी मार्केट की पार्किंग समस्या के समाधान के लिए ट्रेड कमीशन सक्रिय

चेयरमैन राहिल खन्ना की अगुवाई में हुई विशेष बैठक

अमृतसर, 24 जून (के.एल. जीत वालिया): लंबे समय से चली आ रही लिबर्टी मार्केट की पार्किंग समस्या के समाधान के लिए ट्रेड कमीशन के चेयरमैन राहिल खन्ना की अगुवाई में एक विशेष बैठक और निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बाजार के व्यापारियों के साथ चर्चा कर पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर और नगर निगम के भूमि विभाग की इंस्पेक्टर प्रीति विशेष रूप से शामिल हुईं। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना तथा पार्किंग व्यवस्था को अधिक सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।

इस अवसर पर पवन गुप्ता, नरेश महाजन, मोइन खान, डॉ. मनु और मार्केट प्रधान राजेश सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। व्यापारियों ने ट्रेड कमीशन और प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से बाजार में आने वाले ग्राहकों और दुकानदारों को काफी राहत मिलेगी।

चेयरमैन राहिल खन्ना ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना ट्रेड कमीशन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी व्यापारिक संस्थानों की आवश्यकताओं और बाजारों के विकास के लिए इसी प्रकार के प्रयास जारी रखे जाएंगे।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा उपस्थित सदस्यों ने संयुक्त प्रयासों के माध्यम से पार्किंग समस्या के समाधान की दिशा में उठाए गए कदमों का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *