सलिल कपूर की अध्यक्षता में पहली जिला स्तरीय बैठक, बूथ और वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
अमृतसर, 27 जुलाई (हरपिंदर सोनी):
भारतीय जनता पार्टी, अमृतसर शहरी के जिला अध्यक्ष सलिल कपूर की अध्यक्षता में आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कोर कमेटी, जिला टीम, मंडल अध्यक्षों तथा वार्ड प्रभारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर भाजपा पंजाब के उपाध्यक्ष बिक्रमजीत सिंह चीमा, पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक तथा प्रदेश सचिव सूरज भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बिक्रमजीत सिंह चीमा के आगमन पर सलिल कपूर और पार्टी नेताओं ने उन्हें महाराजा रणजीत सिंह का चित्र, पुष्पगुच्छ तथा शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की चुनावी रणनीतियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बिक्रमजीत सिंह चीमा ने सलिल कपूर को जिला अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि “श्री गुरु रविदास महाराज आपसी भाईचारा अभियान” का शुभारंभ 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर किया जाएगा और यह 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। इस दौरान श्री गुरु रविदास जी के जीवन दर्शन तथा समानता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश के प्रचार-प्रसार के लिए देशभर में धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंजाब सहित सभी राज्यों में राष्ट्रीय, राज्य, जिला, शहरी और ग्रामीण स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
अपने संबोधन में सूरज भारद्वाज ने पार्टी कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनावों की तैयारी में अभी से सक्रिय रूप से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने मंडल अध्यक्षों और वार्ड प्रभारियों को घर-घर जाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों का प्रचार करने के निर्देश दिए।
सलिल कपूर ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि जितना मजबूत बूथ स्तर का संगठन होगा, चुनावी सफलता की संभावना उतनी ही अधिक होगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने और आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रशासन तक उनकी आवाज पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में कोर कमेटी और जिला टीम के सदस्यों ने चुनावी रणनीति पर अपने सुझाव भी रखे। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जनता से सीधा संवाद बनाए रखने तथा एकजुट होकर भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अनेक वरिष्ठ नेता, पार्षद, मंडल अध्यक्ष और सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।