“व्यापारी किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं” – बंसल, खन्ना, चड्ढा
अमृतसर, 28 जुलाई (के.एल. जीत वालिया): पंजाब राज्य ट्रेडर्स आयोग के उपाध्यक्ष एवं आम आदमी पार्टी के ट्रेड विंग के अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने जिला प्रशासनिक परिसर, अमृतसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने पीएसटीसी (Punjab State Traders Commission) पोर्टल पर व्यापारियों एवं उद्योगपतियों द्वारा दर्ज लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की और उनके शीघ्र निपटारे के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर पंजाब राज्य ट्रेडर्स आयोग के सदस्य शीतल जुनेजा, जिला अमृतसर के उपाध्यक्ष अभिषेक बंसल, पूर्वी विधानसभा के ट्रेड चेयरमैन कपिल चड्ढा, अटारी से संदीप सिंह, उत्तरी क्षेत्र से राहिल खन्ना, सेंट्रल से संजीव लाली, दक्षिणी क्षेत्र से वनीत अनेजा, जंडियाला से रमेश अवस्थी तथा बाबा बकाला से गुरदेव सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए अनिल ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार व्यापारियों को पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पीएसटीसी पोर्टल व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है और इस पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। बिना किसी उचित कारण के कोई भी शिकायत लंबित न रखी जाए तथा तकनीकी या प्रशासनिक बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाए।
अनिल ठाकुर ने कहा कि व्यापारियों और उद्योगपतियों की समस्याओं का समय पर समाधान होने से सरकार के प्रति उनका विश्वास मजबूत होगा और राज्य में व्यापार एवं निवेश के लिए अधिक अनुकूल वातावरण तैयार होगा। उन्होंने भविष्य में प्राप्त होने वाली शिकायतों का भी निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर शीतल जुनेजा, अभिषेक बंसल, राहिल खन्ना और कपिल चड्ढा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा व्यापार को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लगातार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रहा है, जिससे राज्य में व्यापारिक माहौल और मजबूत हुआ है।
डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह, आईएएस ने कहा कि व्यापारी किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पल्लवी मिश्रा ने बताया कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की प्रमुख शिकायतें सीवरेज की सफाई, बिजली की लटकती तारें, औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा राजस्व विभाग से संबंधित थीं। नगर निगम द्वारा सीवरेज व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है, औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई गई है और संबंधित विभागों के अधिकारी व्यापारियों के साथ मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान करेंगे।
बैठक में सहायक आयुक्त प्रगति सेठी, सहायक आयुक्त (सेल्स टैक्स) महेश गुप्ता, नगर निगम के सहायक आयुक्त विशाल वधावन, डीएसपी मुख्यालय बलराज सिंह, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी सुखजिंदर सिंह, बीएसएनएल के एसडीओ, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी पी.एस. सहोता, अतिरिक्त एसई पीएसपीसीएल सिमरपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।