श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर नगर निगम की विशेष मुहिम

“मंदिरों में पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, श्रद्धालुओं को नहीं आने दी जाएगी कोई परेशानी” — वरिष्ठ डिप्टी मेयर प्रियंका शर्मा

अमृतसर, 2 सितंबर (के.एल. जीत वालिया, शाम): श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए अमृतसर की वरिष्ठ डिप्टी मेयर प्रियंका शर्मा द्वारा विशेष मुहिम शुरू की गई है। इस मुहिम के तहत वह विभिन्न मंदिर कमेटियों के सदस्यों से बातचीत कर मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा ले रही हैं।

इसी क्रम में उन्होंने श्री दुर्गियाना तीर्थ की अध्यक्ष प्रो. लक्ष्मीकांता चावला और कमेटी सदस्यों के साथ विशेष बैठक की। इस अवसर पर प्रियंका शर्मा ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर शहर की प्रमुख मंदिर कमेटियों के साथ बातचीत की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मंदिर कमेटियों से अपील की जा रही है कि मंदिरों में जरूरी और पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस पावन पर्व को लेकर नगर निगम अमृतसर भी मंदिर कमेटियों की हर संभव मदद करने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट, कूड़ा उठाने या किसी अन्य प्रकार की समस्या सामने आने पर नगर निगम की टीम द्वारा तत्काल उसका समाधान किया जाएगा। श्रद्धालुओं और शहरवासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहरवासियों का सहयोग बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि पूजा सामग्री के खाली प्लास्टिक लिफाफे और अन्य सामान को इधर-उधर कूड़े के रूप में न फेंका जाए। सभी शहरवासी मिलकर श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व को स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ मनाएं, ताकि अन्य लोगों को भी सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रेरणा मिल सके।

प्रो. चावला ने की मुहिम की सराहना

श्री दुर्गियाना तीर्थ की अध्यक्ष प्रो. लक्ष्मीकांता चावला ने वरिष्ठ डिप्टी मेयर प्रियंका शर्मा द्वारा चलाई जा रही इस मुहिम की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई इस मुहिम का हिस्सा हर शहरवासी को बनना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनसेवा के लिए समर्पित लोगों द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयासों में सभी को सहयोग देना चाहिए।

लंगर कमेटियों से प्लास्टिक से परहेज की अपील

श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचते हैं और विभिन्न लंगर कमेटियों द्वारा लंगर लगाए जाते हैं।

वरिष्ठ डिप्टी मेयर प्रियंका शर्मा ने लंगर कमेटियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक का इस्तेमाल मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है। इसलिए थर्मोकॉल के इस्तेमाल से परहेज करते हुए पत्तों से बनी पत्तलों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

इसके साथ ही उन्होंने लंगर स्थलों के आसपास पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान रखने की अपील की, ताकि सफाई व्यवस्था को सुचारु रूप से बनाए रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *