17 सितंबर से शुरू होगा सेवा ही संकल्प अभियान, नरवाना में तैयारियां पूरी

 

स्वच्छता, स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, वृक्षारोपण व साइबर सुरक्षा सहित 13 मॉड्यूल पर होंगे जनहित कार्यक्रम

पंजाब मीडिया टाइम्स/विरेन्द्र शर्मा/ नरवाना/, 15 सितंबर।
सेवा ही संकल्प अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए उपमंडल प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी कड़ी में एसडीएम जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में अधिकारियों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार विजय कुमार, नायब तहसीलदार रणवीर सिंह, बीडीपीओ नरवाना तरुण सुथार, बीडीपीओ उझाना हनीश कुमार, ईओ नगर परिषद ऋषिकेश चौधरी, एसडीओ पंचायती राज भूपेंद्र सिंह, एईआरओ कृष्ण कुमार, डॉक्टर भूप सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि सेवा ही संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत के अवसर पर 17 सितंबर को नरवाना के सार्वजनिक भवनों, पीएम श्री स्कूलों, मॉडल संस्कृति स्कूलों सहित उपमंडल के विभिन्न बूथों पर आशीर्वाद का दीप जलाया जाएगा।उन्होंने बताया कि शहर में इस कार्यक्रम के लिए ईओ नगर परिषद तथा ग्रामीण क्षेत्र में बीडीपीओ नरवाना और उझाना को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। बूथ स्तर पर संबंधित बीएलओ, ग्राम सचिव, पटवारी तथा सीपीएलओ को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नियुक्त कर्मचारियों को दीप, तेल, कॉटन सहित अन्य आवश्यक सामग्री भी वितरित की जा चुकी है।एसडीएम ने बताया कि अभियान के तहत 13 अलग-अलग मॉड्यूल तैयार किए गए हैं और प्रत्येक मॉड्यूल से संबंधित कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं। अभियान के दौरान स्वच्छता ही सेवा, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच शिविर, प्लास्टिक मुक्ति जागरूकता, नशा मुक्ति जागरूकता, सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे जनहित से जुड़े विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के लाभार्थियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी तथा उन्हें सरकारी योजनाओं और नीतियों के बारे में व्यापक जानकारी दी जाएगी।अभियान के तहत सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा की कहानी, नमो सेवा तथा आंगन मिलन सेवा सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।एसडीएम जगदीश चंद्र ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे सेवा ही संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और जनहित से जुड़े इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *