प्रतिभा और मेरिट के आधार पर होगा टीम का चयन : सागर मेहरा, सौरव सेठ

अमृतसर, 23 सितंबर (के. एल. जीत वालिया)- अमृतसर में क्रिकेट की नई प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से अमृतसर गेम एसोसिएशन (एजीए) की ओर से आज अंडर-14 क्रिकेट टीम के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किए गए। एजीए ग्राउंड में आयोजित इन ट्रायल में नन्हे खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ट्रायल में करीब 400 बच्चों ने हिस्सा लेकर अपनी क्रिकेट प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अंडर-14 वर्ग के लिए पहली बार इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के ट्रायल देने से एजीए ग्राउंड में दिनभर क्रिकेट का माहौल बना रहा। सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवा खिलाड़ी अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया।
इस अवसर पर एजीए के मानद सचिव सागर मेहरा तथा एजीए सदस्य एवं शहर के प्रमुख उद्योगपति सौरव सेठ ने कहा कि आज आयोजित ट्रायल में उम्मीद से कहीं अधिक बच्चों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि बच्चों में क्रिकेट को लेकर दिखाई दे रहा उत्साह इस बात का प्रमाण है कि अमृतसर में क्रिकेट की प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल ऐसी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध करवाने की है।
उन्होंने कहा कि जब से एजीए ग्राउंड का कायाकल्प हुआ है, तब से बच्चों में इस मैदान पर खेलकर अपनी प्रतिभा निखारने को लेकर उत्साह और बढ़ा है। बेहतर खेल सुविधाओं से युवा खिलाड़ियों को अभ्यास और अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए अनुकूल वातावरण मिल रहा है।
सागर मेहरा और सौरव सेठ ने कहा कि अंडर-14 टीम का चयन पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। खिलाड़ियों का चयन उनकी खेल प्रतिभा, प्रदर्शन और मेरिट के आधार पर होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार का पक्षपात नहीं किया जाएगा तथा मैदान में अपनी प्रतिभा और क्षमता साबित करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अमृतसर गेम एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य अमृतसर की धरती से क्रिकेट के ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी तैयार करना है, जो आने वाले समय में पंजाब और भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि अमृतसर ने पहले भी कई प्रतिभाशाली क्रिकेटर दिए हैं और अभिषेक शर्मा इसका उदाहरण हैं। एजीए का प्रयास है कि शहर के मैदानों में अभ्यास कर रहे बच्चों में से भविष्य के ऐसे ही क्रिकेट सितारों को तलाशकर उन्हें उचित प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध करवाए जाएं।
उन्होंने कहा कि छोटी उम्र में प्रतिभा की पहचान कर उसे सही दिशा और मार्गदर्शन देना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से एजीए द्वारा युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए लगातार अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज के ट्रायल से चयनित होने वाले खिलाड़ी भविष्य में उच्च स्तर पर अमृतसर और पंजाब का नाम रोशन करेंगे।
ट्रायल के दौरान प्रशिक्षकों और चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण, फिटनेस तथा मैदान पर उनके प्रदर्शन को बारीकी से परखा। नन्हे खिलाड़ियों ने भी पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ ट्रायल में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर प्रवीण गुप्ता, पवन शर्मा, एजीए के चीफ कोच सपन चोपड़ा सहित अन्य पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। एजीए पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में भी युवा खिलाड़ियों को अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने तथा अमृतसर में क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए प्रयास जारी रखे जाएंगे।