विधायक जीवन ज्योत कौर ने अमृतसर पूर्वी के लोगों को बताए ‘मान सरकार के मुनाफे’

अमृतसर, 22 सितंबर (के.एल. जीत वालिया)। विधानसभा क्षेत्र अमृतसर पूर्वी की विधायक जीवन ज्योत कौर ने मंगलवार को क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में घर-घर पहुंचकर ‘मान के मुनाफे’ अभियान के तहत लोगों को पंजाब सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे मिल रहे लाभों की जानकारी दी।

इस दौरान लोगों से बातचीत करते हुए विधायक जीवन ज्योत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से लोगों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के माध्यम से परिवारों को सीधे आर्थिक लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘मान के मुनाफे’ के तहत एक सामान्य पंजाबी परिवार को विभिन्न सरकारी सुविधाओं के माध्यम से सालाना लाभ मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि इसमें महिलाओं को हर महीने 1,000 और 1,500 रुपये की सहायता, बिजली बिलों में राहत, बच्चों के लिए मुफ्त शिक्षा, सरकारी स्कूलों में फीस, किताबें और वर्दी की सुविधा, मुफ्त राशन, आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से मुफ्त इलाज और दवाइयां तथा 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा जैसी सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि एक परिवार को मिलने वाले इन लाभों का सालाना मूल्य करीब 1.82 लाख रुपये बनता है।

विधायक ने आगे कहा कि इसके अलावा खेतों में मोटरों के लिए मुफ्त बिजली, अनुसूचित जाति के परिवारों को वित्तीय सहायता और आशीर्वाद योजना के तहत आर्थिक सहायता सहित अन्य सुविधाएं भी लोगों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा भी दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों के घरेलू खर्च को कम करना और उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, राशन तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

जीवन ज्योत कौर ने कहा कि ‘मान के मुनाफे’ अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने अधिकार की सरकारी सुविधाओं और योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करें तथा इनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

इस मौके पर आम आदमी पार्टी लीगल विंग माझा जोन के चेयरमैन एडवोकेट हरपाल सिंह निज्जर, ‘आप’ ट्रेड कमिशन हलका पूर्वी के चेयरमैन कपिल चड्ढा, पीए मनिंदर सिंह, दलजीत सिंह, आसू बांसल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *